ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर दो मोबाइल चोर गिरफ्तार, दो स्मार्टफोन बरामद
धनबाद | 10 जनवरी 2026
धनबाद से संवाददाता सोनू कुमार की रिपोर्ट
रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ, सीआईबी एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन से मोबाइल चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उनके पास से यात्रियों के दो चोरी किए गए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट धनबाद, CIB एवं जीआरपीएस धनबाद की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-06 (कालका छोर) पर गाड़ी संख्या 13351 अलेप्पी एक्सप्रेस के जनरल कोच से उतरते समय दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर दोनों के पास से दो यात्रियों के चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने ट्रेन के जनरल कोच में यात्रियों का मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की। बरामद मोबाइल को विधिवत जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद मोबाइल
नरेश मंडल के पास से – एक आसमानी रंग का Infinix स्मार्टफोन
सूरज कुमार मंडल के पास से – एक फिदर गुलाबी रंग का OPPO स्मार्टफोन
गिरफ्तार अभियुक्त
नरेश मंडल (उम्र लगभग 33 वर्ष), निवासी – जुड़पनिया, थाना बेंगाबाद, जिला गिरिडीह
सूरज कुमार मंडल (उम्र लगभग 21 वर्ष), निवासी – लटैया, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा
चोरी करने का तरीका
दोनों अभियुक्त गोविंदपुर मोटरसाइकिल स्टैंड में अपनी बाइक खड़ी कर ऑटो से धनबाद स्टेशन आते थे। इसके बाद जनरल टिकट लेकर भीड़-भाड़ वाली ट्रेनों में चढ़कर असावधान यात्रियों का मोबाइल चोरी कर फरार हो जाते थे।
इस संबंध में जीआरपी धनबाद में कांड संख्या 22/26 (दिनांक 10.01.2026), धारा 317(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
बरामद मोबाइल की कुल कीमत करीब ₹35,000 आंकी गई है।
रेल पुलिस एवं आरपीएफ की इस कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।
