धनबाद में गया पुल चौड़ीकरण के लिए रेलवे ट्रैक के पास खुदाई शुरू
धनबाद से चैनल हेड सोनू कुमार की रिपोर्ट
धनबाद। गया पुल चौड़ीकरण कार्य को लेकर निर्माण एजेंसी ने रेलवे ट्रैक के समीप खुदाई का काम शुरू कर दिया है। इससे पहले रेलवे का पुराना वर्कशॉप तोड़कर हटा दिया गया, जिसके बाद परियोजना में आ रही अंतिम बाधा भी समाप्त हो गई है।
वर्कशॉप हटते ही निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। जहां पहले वर्कशॉप का गेट था, वहां से लेकर रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पहले तक करीब 10 फीट गहरी खुदाई की गई है। इसी गड्ढे में पुश बॉक्स डालकर आगे का निर्माण कार्य किया जाएगा। कंक्रीट से बने प्रीकास्ट बॉक्स को अंदर धकेलकर अंडरपास के लिए जगह बनाई जाएगी।
निर्माण एजेंसी द्वारा गड्ढे में प्रीकास्ट कंक्रीट बॉक्स लाकर स्थापित किए जाएंगे, जिसके बाद विशेष मशीनों की मदद से उन्हें आगे की ओर पुश किया जाएगा। इस तकनीक के इस्तेमाल से रेलवे ट्रैक और सड़क यातायात प्रभावित नहीं होगा।
गौरतलब है कि गया पुल चौड़ीकरण परियोजना लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से की जा रही है। अंडरपास चौड़ीकरण का कार्य शीला कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। कंपनी को यह कार्य 14 महीनों में पूरा कर परियोजना को हैंडओवर करना है।
मुख्य विशेषताएं
अंडरपास की चौड़ाई 11.2 मीटर और लंबाई 40 मीटर होगी
अंडरपास के दोनों ओर नाला निर्माण
पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ की व्यवस्था
जलजमाव से बचाव के लिए एप्रोच रोड तक शेड निर्माण
बैंक मोड़ की ओर 125 मीटर और श्रमिक चौक की ओर 200 मीटर एप्रोच रोड का निर्माण
