प्री बोर्ड परीक्षा के मद्देनज़र पुरस्कार सह सम्मान समारोह का आयोजन, 691 छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

प्री बोर्ड परीक्षा के मद्देनज़र पुरस्कार सह सम्मान समारोह का आयोजन, 691 छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
धनबाद | 10 जनवरी 2026
मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की तैयारी को लेकर उपायुक्त श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिले में आयोजित प्री बोर्ड परीक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने हेतु न्यू टाउन हॉल में भव्य पुरस्कार सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कुल 691 छात्र-छात्राओं को उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कर्मियों को भी सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने कहा कि यह एक छोटा प्रयास है, लेकिन इसका उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी से दूसरी प्री बोर्ड परीक्षा आयोजित होगी, जिसके टॉपर्स को भी जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि फाइनल बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को झारखंड दर्शन कराया जाएगा तथा टॉप 30 विद्यार्थियों को जिला प्रशासन भारत भ्रमण के तहत दिल्ली भेजेगा। उन्होंने शिक्षा विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि धनबाद आज पूरे राज्य के लिए एक प्रेरणा बन चुका है।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने कहा कि इस समय धनबाद जिला बोर्ड परीक्षा के प्रदर्शन में राज्य में 13वें स्थान पर है, लेकिन इस बार लक्ष्य प्रथम स्थान का है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल एवं सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर फोकस करने की अपील की।
उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज ने कहा कि जिले के हर छात्र में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता है। उन्होंने शिक्षकों से कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और अंतिम समय तक प्रैक्टिस कराने पर जोर दिया।
नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार ने विद्यार्थियों से कहा कि समय प्रबंधन के साथ भयमुक्त होकर परीक्षा दें और प्री बोर्ड की गलतियों से सीख लेकर फाइनल बोर्ड में बेहतर प्रदर्शन करें।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे ने मोबाइल और इंटरनेट के संतुलित उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया से दूरी बनाकर केवल स्टडी मटेरियल के लिए मोबाइल का उपयोग करें।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री आयुष कुमार सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *