- गोविंदपुर नर्सरी में उद्यान विकास सह प्रादर्श प्रदर्शनी मेला आयोजित
धनबाद से चैनल हेड सोनू कुमार की रिपोर्ट
गोविंदपुर (धनबाद):
धनबाद जिले के गोविंदपुर प्रखंड स्थित प्रखंड उद्यान नर्सरी परिसर में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा एक दिवसीय “उद्यान विकास सह प्रादर्श प्रदर्शनी मेला” का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर आयुक्त आशीष गंगावार, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा, जिला उद्यान पदाधिकारी जनार्दन शर्मा एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. नवीन कुमार ने किसान भाइयों एवं बहनों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर गोविंदपुर की नर्सरी रंग-बिरंगे फलों और हरी-भरी सब्जियों से सजी नजर आई। जिले के विभिन्न गांवों से आए किसानों ने अपनी उन्नत किस्म की फसलें प्रदर्शनी में प्रस्तुत कीं। मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती से हटकर उद्यानिकी (बागवानी) की ओर प्रेरित करना है, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हो सके।
मेले में उपस्थित कृषि अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों ने किसानों द्वारा प्रदर्शित उन्नत फल-सब्जियों का निरीक्षण किया और प्रगतिशील किसानों की सराहना की। नगर आयुक्त एवं जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय दोगुनी करना है, जिसमें उद्यानिकी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को मिट्टी की सेहत, कीट नियंत्रण और आधुनिक तकनीकों के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। यह मेला किसानों के लिए न केवल अपनी उपज प्रदर्शित करने का मंच बना, बल्कि विशेषज्ञों से अपनी समस्याओं के समाधान पाने का भी सशक्त माध्यम साबित हुआ।
मौके पर जिला उद्यान मित्र भूपेश मंडल, कृषक मित्र दिलीप कुमार सहित विभिन्न गांवों से आए बड़ी संख्या में किसान भाई उपस्थित थे।
