जेल से छूटे अपराधियों पर कड़ी निगरानी, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश

धनबाद से संवाददाता राकेश कुमार रिपोर्ट
धनबाद : जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को पूरी तरह प्रो-एक्टिव होकर काम करना होगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार देर रात अपराध नियंत्रण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह, डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसएसपी ने निर्देश दिया कि जेल से रिहा होकर बाहर आए अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उनकी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि वे दोबारा किसी आपराधिक वारदात को अंजाम न दे सकें। आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही फरार अपराधियों एवं लंबे समय से लंबित वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों एवं दागी व्यक्तियों की अद्यतन सूची तैयार कर सतत निगरानी रखने को कहा गया।
संगठित अपराध पर सख्ती से लगाम लगाने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि ऐसे अपराधी गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ ठोस और प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जनता के सहयोग से जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।
