सरस्वती पूजा को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट शांति व विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी**

**सरस्वती पूजा को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट

शांति व विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी**

धनबाद से चैनल हेड सोनू कुमार की रिपोर्ट

धनबाद। सरस्वती पूजा के दौरान जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में लगातार शांति समिति की बैठकें आयोजित कर पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

जबरन चंदा वसूली पर जीरो टॉलरेंस

धनबाद पुलिस ने साफ कहा है कि सरस्वती पूजा के नाम पर जबरन चंदा वसूली किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राहगीरों को रोककर, दबाव बनाकर या धमकी देकर चंदा मांगने की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि चंदा पूरी तरह स्वैच्छिक और कानून के दायरे में ही लिया जाए।

सड़कों पर पूजा व पंडाल निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बीच सड़क पूजा आयोजन या पंडाल निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सड़कों पर पंडाल लगाने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे मामलों को दंडनीय अपराध की श्रेणी में रखा गया है। नियमों के उल्लंघन पर आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, रात 10 बजे के बाद लाउड स्पीकर बंद

सरस्वती पूजा एवं मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। डीजे बजाने की स्थिति में आयोजकों के साथ-साथ डीजे संचालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा रात 10 बजे के बाद लाउड स्पीकर या तेज संगीत बजाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। पूजा के दौरान अश्लील या आपत्तिजनक गानों के प्रयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नशा और असामाजिक तत्वों पर सख्त नजर

पूजा पंडालों और आसपास के इलाकों में शराब या किसी भी प्रकार के नशे पर पूरी तरह रोक रहेगी। नशे की हालत में पकड़े जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और नियमित गश्त की व्यवस्था की जा रही है।

श्रद्धा, सादगी और अनुशासन से मनाने की अपील

धनबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सरस्वती पूजा ज्ञान, विद्या और सादगी का पर्व है, जिसे शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में मनाया जाए। किसी भी प्रकार के हुड़दंग, अमर्यादित आचरण या कानून उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *