जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं

जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की समस्याएं

समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

धनबाद से चैनल हेड सोनू कुमार की रिपोर्ट

धनबाद।
आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन द्वारा समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि प्रत्येक आवेदन की विधिवत जांच कर समयबद्ध एवं न्यायोचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जनता दरबार में आमघाटा से आए राज श्री मौर्य ने पीसीसी सड़क की अधूरी ढलाई के कारण घर में पानी घुसने की समस्या से अवगत कराया। लोयाबाद से आई मीरा देवी ने अपनी विकलांग बच्ची को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु आवेदन दिया। वहीं जीतपुर से आए असीम कुमार सिंह ने जीतपुर के मुखिया द्वारा गलत वंशावली प्रमाण पत्र निर्गत कर जमीन बिक्री किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा झरिया से आए शंकर कुमार राणा ने ई-श्रम कार्डधारी पुत्र के आकस्मिक निधन के उपरांत सरकार द्वारा देय क्षतिपूर्ति मुआवजा निर्गत किए जाने के संबंध में आवेदन सौंपा।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत करने, सड़क निर्माण, खतियान में सुधार, अन्य आवास स्वीकृति, पशुधन मृत्यु मुआवजा, अवरुद्ध रास्तों को खुलवाने, पारिवारिक व आपसी विवाद, शिक्षा, रोजगार एवं स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी सुनवाई की गई।
उपायुक्त ने उपस्थित नागरिकों को पूर्ण भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी मामलों में विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए समस्याओं के निराकरण का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *