माननीय रेल मंत्री ने भारतीय रेल के 100 अधिकारियों व कर्मचारियों को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया
पूर्व मध्य रेल के 02 अधिकारी एवं 06 कर्मचारी हुए सम्मानित, सुरक्षा शील्ड भी मिला
हाजीपुर | 10 जनवरी 2026
माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने 09 जनवरी 2026 की संध्या भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में भारतीय रेल के कुल 100 उत्कृष्ट अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के 02 अधिकारी एवं 06 कर्मचारी भी अपने असाधारण कार्यों के लिए सम्मानित किए गए।
इस समारोह में माननीय रेल मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रेलवे जोनों एवं प्रोडक्शन यूनिट्स को शील्ड भी प्रदान की। यात्रियों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम में उत्कृष्ट कार्य के लिए सुरक्षा शील्ड पूर्व मध्य रेलवे को प्रदान की गई।
यह शील्ड महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह एवं प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री अमरेश कुमार ने माननीय रेल मंत्री से प्राप्त की।
पूर्व मध्य रेल के सम्मानित अधिकारी व कर्मचारी
1. श्री मो. तौसिफ उल्लाह – मंडल ट्रैफिक मैनेजर, चोपन
धनबाद मंडल में कार्यरत श्री तौसिफ उल्लाह ने मालगाड़ियों की लोडिंग बढ़ाकर रेलवे के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि की। वित्तीय वर्ष 2023-24 में धनबाद मंडल द्वारा रिकॉर्ड 188 मिलियन टन माल लदान में उनका अहम योगदान रहा।
2. श्री मंयक प्रियदर्शी – सहायक सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (निर्माण)
रमना-सिंगरौली और कैरला रोड-शक्तिनगर दोहरीकरण परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा कराने के साथ-साथ उन्होंने कई यार्डों और स्टेशनों में सिगनलिंग कार्यों को दुरुस्त कर परिचालन क्षमता और सुरक्षा बढ़ाई।
3. श्री रवि रंजन – लोको पायलट
06 अगस्त 2024 को ड्यूटी के दौरान सामने से आ रही पैसेंजर ट्रेन को देखकर उन्होंने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर अपनी ट्रेन रोक दी और हेड-ऑन टक्कर से बचाते हुए एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
4. श्री सुभाष कुमार पाठक – टेक्नीशियन ग्रेड-I
करैला जंक्शन यार्ड में सिगनल एवं ट्रैक सर्किट के उत्कृष्ट रखरखाव से सिगनल विफलताओं को न्यूनतम किया, जिससे परिचालन सुरक्षा में बड़ा सुधार हुआ।
5. श्री बैजू जैसवारा – ट्रेन मैनेजर
15 अगस्त 2024 को महेशखूंट स्टेशन पर एक यात्री के गिर जाने पर उन्होंने त्वरित कार्रवाई कर ट्रेन रोकी, प्राथमिक उपचार दिया और समय पर चिकित्सा उपलब्ध कराकर यात्री की जान बचाई।
6. श्री मनीष कुमार – निरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल
ऑपरेशन आहट और नन्हें फरिश्ते के तहत 144 नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया और 302 बच्चों को सुरक्षित कर मानव तस्करी व चोरी पर प्रभावी रोक लगाई।
7. श्री प्रभांश कुमार प्रभाकर – ट्रैक मेंटेनर
11 अगस्त 2024 को एक मालगाड़ी के पहिए से धुआं निकलते देख उन्होंने तुरंत ट्रेन रुकवाकर संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
8. मो. इकरामुल अंसारी – सीनियर सेक्शन इंजीनियर (C&W)
गया मेमू शेड की स्थापना, मशीनों की कमीशनिंग और मेमू ट्रेनों के रखरखाव को सफलतापूर्वक शुरू कर शेड को आत्मनिर्भर बनाया।
पूर्व मध्य रेल को सुरक्षा शील्ड
यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य के लिए पूर्व मध्य रेलवे को ‘सुरक्षा शील्ड’ प्रदान किया जाना पूरे जोन के लिए गौरव का विषय है।

