बरवाअड्डा में अवैध कोयला कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, चौधरी के कोयला डिपो पर छापा
धनबाद से चैनल हेड सोनू कुमार की रिपोर्ट
धनबाद:
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा पिछड़ी इलाके में पुलिस ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिलीप चौधरी के कोयला डिपो पर छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित कोयला बरामद किया गया, जिसके बाद पुलिस ने पूरे डिपो को सील कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से इस डिपो में अवैध कोयले के भंडारण और कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर बरवाअड्डा पुलिस ने छापेमारी कर यह कार्रवाई की।
मौके पर मौजूद कर्मियों से पूछताछ की जा रही है, वहीं डिपो संचालक से जुड़े वैध कागजात और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। जब्त किए गए कोयले की मात्रा का आकलन किया जा रहा है।
बरवाअड्डा पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
