गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में झांकियां होंगी विशेष आकर्षण का केंद्र
धनबाद से संवाददाता राकेश कुमार की रिपोर्ट
इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जाने वाली झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इस विषय को लेकर उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज की अध्यक्षता में आज डीआरडीए सभागार में सभी विभागीय पदाधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभागों द्वारा तैयार की जा रही झांकियों के माध्यम से राज्य सरकार के उत्कृष्ट कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का सशक्त संदेश आम जनता तक पहुँचना चाहिए। झांकियां इस प्रकार हों कि दर्शकों पर उनका गहरा और सकारात्मक प्रभाव पड़े।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि झांकियों में विभागीय बैनर, स्लोगन एवं योजनाओं की जानकारी को स्पष्ट, आकर्षक और प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए। साथ ही कुछ विभागों को लाइव झांकी तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि लाइव झांकी के माध्यम से सरकार का संदेश लोगों तक सरल और प्रभावी रूप से पहुँचता है।
बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, जनसंपर्क, आपूर्ति, परिवहन, गव्य विकास, पीएचईडी, जेएसएलपीएस, धनबाद नगर निगम, सहकारिता, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, खनन, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों को उत्कृष्ट और आकर्षक झांकी तैयार करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, निदेशक डीआरडीबी श्री राजीव रंजन सहित सभी विभागीय पदाधिकारी, टाटा स्टील, मैथन पावर लिमिटेड एवं अन्य उपक्रमों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
