लव मैरिज का खौफनाक अंत: शादी के दो महीने बाद शुरू हुआ अत्याचार, 6 साल तक गायब रहने के बाद पति की कई शादियों का खुलासा

लव मैरिज का खौफनाक अंत: शादी के दो महीने बाद शुरू हुआ अत्याचार, 6 साल तक गायब रहने के बाद पति की कई शादियों का खुलासा

धनबाद: प्रेम विवाह जैसे पवित्र रिश्ते को कलंकित करने और एक महिला की जिंदगी बर्बाद करने का सनसनीखेज मामला धनबाद जिले से सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने पति पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए गोविंदपुर थाना पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पीड़िता काजल गुप्ता (26 वर्ष), पिता पवन अजरीवाल, निवासी निचिंदा ने गोविंदपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपने पति श्री कृष्ण अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि उसका विवाह 2 फरवरी 2020 को धनबाद के एक मंदिर में प्रेम विवाह के रूप में हुआ था, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद उसके सपने टूटने लगे।

पीड़िता के अनुसार, विवाह के महज दो महीने बाद ही पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसे लगभग हर दूसरे दिन शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला का आरोप है कि पति उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था और लगातार मानसिक दबाव बनाकर उसे परेशान करता था।

लगातार बढ़ते अत्याचार और अपनी जान को खतरा महसूस होने के कारण पीड़िता को मजबूरन ससुराल छोड़कर मायके लौटना पड़ा। इसके बाद पति ने उससे संपर्क करना भी बंद कर दिया। महिला का कहना है कि पिछले छह वर्षों के दौरान आरोपी पति ने उससे किसी भी प्रकार का संबंध नहीं रखा।

पीड़िता ने जब अपने स्तर पर मामले की छानबीन की तो उसे चौंकाने वाली जानकारी मिली। जांच के दौरान पता चला कि उसके पति ने कथित रूप से दूसरी शादी कर ली है और उसका एक बच्चा भी है। इतना ही नहीं, पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने दो से तीन विवाह और कर रखे हैं।

महिला ने अपने आवेदन में कहा है कि वह अब शेष जीवन शांति और सम्मान के साथ जीना चाहती है। उसने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में यदि उसके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, धमकी या दुर्व्यवहार होता है, तो संबंधित आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल गोविंदपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *