ममता, मुस्कान और उत्साह से सराबोर रहा मातृ दिवस समारोह, जी.जी.सी.ई.टी. सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल में माताओं को मिला सम्मान

ममता, मुस्कान और उत्साह से सराबोर रहा मातृ दिवस समारोह, जी.जी.सी.ई.टी. सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल में माताओं को मिला सम्मान

धनबाद : जी.जी.सी.ई.टी. सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल, नावाडीह, धनबाद में शनिवार, 09 मई 2026 को मातृ दिवस के अवसर पर भव्य एवं भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया। कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को प्रेम, स्नेह और उत्साह से भर दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों और अभिभावकों के लिए यादगार बन गया।

समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को माँ के त्याग, ममता, स्नेह और उनके अमूल्य योगदान के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राथमिक वर्ग की शिक्षिकाओं तथा सबसे पहले पहुँची पाँच माताओं द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिसने कार्यक्रम की सुंदरता को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में स्वागत गीत, मनमोहक नृत्य एवं लघु नाटिकाओं की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित माताएँ एवं अभिभावक भावुक हो उठे। बच्चों ने अपनी मासूम अभिव्यक्तियों के माध्यम से माँ के प्रति प्रेम और सम्मान को बहुत ही सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।

माताओं के लिए कई मनोरंजक एवं आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इनमें रैंप वॉक, बलून पंप एंड बर्स्ट, आँख पर पट्टी खेल, माँ-बच्चे का नृत्य तथा रिवर्स रोल गतिविधि प्रमुख रही। सभी माताओं ने पूरे उत्साह और आनंद के साथ इन प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों और खुशियों की गूंज से भर उठा।

बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड्स और पुष्पगुच्छ अपनी माताओं को भेंट कर उनके प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। यह दृश्य सभी के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री इंद्रनाथ सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि “माँ जीवन की प्रथम शिक्षिका होती हैं और उनका निस्वार्थ प्रेम ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है।” उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में पारिवारिक मूल्यों, संस्कारों और सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा भी कार्यक्रम के दौरान की गई। बलून पंप एंड बर्स्ट प्रतियोगिता में कक्षा 2 की ओजस्वी कन्धवे की माता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रिवर्स रोल गतिविधि में कक्षा 4 की काव्य सिंह की माता विजेता बनीं। वहीं रैंप वॉक प्रतियोगिता में कक्षा 3 के रिद्धांक की माता को तृतीय, कक्षा 2 की ओजस्वी कन्धवे की माता को द्वितीय तथा कक्षा 5 की मनीषा आर्या की माता को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के समापन पर सभी माताओं को सम्मानित कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरे समारोह ने विद्यालय परिवार और अभिभावकों के बीच आत्मीयता, प्रेम और स्नेह के रिश्तों को और अधिक मजबूत बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *