मातृ दिवस पर रक्तदान का संदेश : एसजेएस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में 35 लोगों ने किया रक्तदान
धनबाद : मातृ दिवस के अवसर पर मानवता और सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए धनबाद स्थित SJS Super Speciality Hospital के तीसरे तल पर संचालित एसजेएस ब्लड बैंक में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन शक्ति समर्पण संस्था के विशेष सहयोग से किया गया, जिसमें कुल 35 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने का संकल्प लिया।
शिविर में युवाओं, महिलाओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। रक्तदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह नजर आया। आयोजकों ने बताया कि मातृ दिवस जैसे विशेष अवसर पर रक्तदान करना समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। रक्तदाताओं ने भी इसे एक पुण्य कार्य बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं धन्यवाद देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने रक्तदान के महत्व पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने की अपील की।
शक्ति समर्पण संस्था की ओर से मधु सिन्हा ने कहा कि “रक्तदान महादान है। मातृ दिवस पर किया गया रक्तदान कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने में सहायक बनेगा। समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि किसी भी मरीज को समय पर रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।”
मौके पर एसजेएस सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर शिवेन्द्र सिंह, ब्लड सेंटर संचालक आशुतोष झा एवं सुदीप पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं शक्ति समर्पण फाउंडेशन से संतोषी आनंद, मीनू साव, संगीता सिन्हा, अमित श्रीवास्तव, सुषमा सिंह, संगीता शर्मा, रीता चौधरी, पिंकी गुप्ता, मुस्कान एक प्रयास से ललित चौहान, श्वेता किन्नर, जितेंद्र कुमार, समाजसेवी सरिता सिंह, खुशियों की उड़ान से प्रिया सिंह, आरोग्य भारती की रमा सिन्हा, रवि कुमार, निषाद मिल्टन, सहपारथी की कंचन कुमारी एवं प्रीति चौधरी समेत अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
रक्तदान शिविर ने न केवल मानव सेवा का संदेश दिया, बल्कि मातृ दिवस को समाजहित और जनकल्याण से जोड़कर एक नई सकारात्मक पहल भी प्रस्तुत की।

